रेफरल रोकने में भारत असफल

Publicado  बुधवार, दिसंबर 08, 2010

प्रशांत रायचौधरी
आईसीसी सूत्रों ने संकेत दिया है कि आगामी वर्ल्ड कप क्रिकेट प्रतियोगिता के सात मैचों में रेफरल सिस्टम लागू किया जाएगा। इस निर्णय से बीसीसीआई अलग-थलग पड़ गया है क्योंकि बाकी संबध्द देशों ने रेफरल के लिए पहले ही हरी झंडी दे दी है। रेफरल का उपयोग वर्ल्ड कप में चारों वर्ल्ड कप क्वार्टर फाइनल मैचों, दो सेमीफाइनलों व फाइनल में किया जाएगा।

आईसीसी की कहना है कि यदि तकनीकी साधन पूरे होते तो पूरे टूर्नामेंट में इसका उपयोग होता। बहरहाल, मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंडुलकर, महेंद्र सिंह धोनी आदि भारतीय सितारों को रेफरल के मामले में जबर्दस्त शिकस्त मिली।

क्यों करते हैं सचिन विरोध :

मास्टर ब्लास्टर का मानना है कि अभी रेफरल के मामले में उन्नत तकनीक उपलब्ध नहीं है इसलिए उस पर भरोसा नहीं किया जा सकता है। वैसे रेफ़रल सिस्टम से तकनीक को लेकर कई भ्रांतियाँ हैं लेकिन यह चकित करने के लिए काफी है कि भारत ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए भी रेफरल के उपयोग में असहमति जताई है।

एलबीडब्ल्यू का जारी है विवाद : 

मैदानी अंपायरों को वैसे तो अक्सर एलबीडब्ल्यू आउट होने के मामले में विवादों का सामना करना पड़ता है। उनके सारे निर्णय सही नहीं होते हैं। स्टीव बकनर व पाकिस्तान के अलीम दर पर खिलाड़ी कभी भरोसा नहीं करते रहे हैं। ऐसे में  एलबीडब्ल्यू की अपील के मामले में गेंद जब बल्लेबाज के पैड पर लगती है तो उसकी ऊँचाई और लाइन को मापने के लिए जिस ट्रैकिंग सिस्टम का प्रयोग किया जाता है  वह भरोसे के लायक नहीं है। उसमें अभी भी तकनीकी खामियां है। वह अभी भी मशीनी बकनर है।

कुछ लोगों का यह मानना है कि यादा मशीनी होने से खेल का प्रभाव प्रभावित होता है। सचिन का मानना है मैदानी अंपायरों से यदाकदा ही गलती होती है इसलिए रेफरल के उपयोग की आवश्यकता नहीं है। ज्ञातव्य है कि सचिन तब से नाराज हैं जब श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में रेफरल सही फैसला नहीं कर सका था। 

भारत पड़ गया अलग-थलग :

रेफरल के मामले में सभी टेस्ट खेलने वाले देशों ने आईसीसी का साथ दिया है लेकिन भारत अभी भी उसका विरोध कर रहा है। भारत को आईसीसी का सबसे धनवान राष्ट्र माना जाता है लेकिन इस मामले में उसका धनतंत्र कोई साथ नहीं दे सका है। अन्य देशों का तर्क इस मामले में यह है कि भले ही यह त्रुटिरहित सिस्टम नहीं है लेकिन अंपायरों की गलती को कम करने के लिए बढ़िया मशीनी अंपायर है। देखा जाए तो भारत को अंपायर डिसीजन रेफरल सिस्टम को स्वीकार कर लेना चाहिए जैसा कि अन्य देशों ने किया है। धारा के विपरीत जाने के बीसीसीआई के निर्णय से कोई फ़ायदा नहीं है।

पदकों की दौड़ में पिछड़ गया एथलेटिक्स

Publicado  गुरुवार, अक्टूबर 21, 2010


प्रशांत रायचौधरी

ओलिंपिक, एशियाड व कॉमनवेल्थ गेम्स में सबसे ज्यादा आकर्षण एथलेटिक्स का होता है लेकिन भारत एथलेटिक्स में झंडे गाड़ने में असफल ही है । नई दिल्ली में आयोजित कॉमनवेल्थ गेम्स में भी भारत एथलेटिक्स में कोई कमाल नहीं कर सका है जबकि गेम्स में अमेरिका, चीन, जापान, जर्मनी, रशिया व कोरिया जैसी सशक्त टीमें भाग नहीं लेती हैं। अब जबकि भारत में खेलों में पैसा बरसने लगा है, स्पांसरों की कोई कमी नहीं है, ढेरों अकादमी खुल रहे हैं फिर भी यूसैन बोल्‍ट एथलेटिक्स में पीछे रहना आश्चर्यजनक है ।भारत में yयूसैन बोल्ट तो दूर की बात है, टाइसन ग्रे,ए.पॉवेल या नई दिल्ली 100 मीटर दौड़ के विजेता जमैका के लोरेन क्लार्क के समकक्ष पहुंचने की कल्पना भी नहीं की जा सकती है।

तीन प्रमुख खेलों में भारत की विभिन्न खेलों में पदकों की दौड़
बीजिंग ओलिंपिक (2008)

1 स्वर्ण, 2 कांस्य : कुल 3 पदक
----------------
दोहा एशियन गेम्स (2006)
9 स्वर्ण, 18 रजत,24 कांस्य : कुल : 51 पदक
-----------------------
दिल्ली कॉमनवेल्थ गेम्स (2006)
22 स्वर्ण, 17 रजत, 11 कांस्य पदक : कुल 50 पदक

बीते कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत ने 50 पदक और एशियन गेम्स में 51 पदक जीते थे लेकिन बीजिंग ओलिंपिक में उसे सिर्फ 3 ही पदक मिले। अमेरिका, चीन, जापान,रशिया व जर्मनी जैसी सशक्त टीमों की अनुपस्थिति में भारत कॉमनवेल्थ में पदकों का अर्धशतक तो लगाने में सफल होता है लेकिन ओलिंपिक में वह उपलब्धि कहां गायब हो जाती है। सच तो यह है यदि विश्व स्तर पर देखा जाए तो भारत अभी काफी पीछे है। ओलिंपिक में जहां चीन व अमेरिका पदकों का शतक लगाते हैं वहीं भारत का प्रदर्शन शर्मनाक ही रहता है। पिछले ओलिंपिक में यदि अभिनव बिंद्रा को शूटिंग में स्वर्ण नहीं मिलता तो व्यक्तिगत स्वर्ण सूखा ही रह जाता।
एथलेटिक्स में पीछे है भारत :
खेलों की दुनिया में भारतीय एथलीटों को अभी भी वह सम्मान नहीं प्राप्त है जो किसी समय उड़न सिख मिल्खा सिंह व उड़न परी पीटी ऊषा को प्राप्त था। जमैका जैसे छोटे देश ने यूसैन बोल्ट के माध्यम से जो गौरव प्राप्त किया है वह अतुलनीय है। वैसे हमने शूटिंग, बॉक्सिंग, बैडमिंटन, तीरंदाजी, टेबल-टेनिस व टेनिस में विश्व ख्याति पाई है लेकिन आउटडोर गेम्स में एथलेटिक्स में हम फिसड्डी साबित हो रहे हैं ।
क्या है कमी : देखा जाए तो भारत में शासकीय स्तर पर प्रयास काफी हो रहे हैं लेकिन फिर भी नतीजा संतोषजनक नहीं है। एथलीटों को इंफ्रास्ट्रक्चर व अकादमी की सुविधा जॉब च्यारंटी आदि सभी सुविधाएं दी जा रही है लेकिन एक भी बोल्ट पैदा नहीं हो पा रहा है। पीटी ऊषा जैसी कई एथलीटो ने निजी अकादमी भी स्थापित की है लेकिन अभी नतीजे आने प्रारंभ नहीं हुए हैं। पिछले दो कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत को एथलेटिक्स में सिर्फ 5 ही पदक मिले। क्या यह उदाहरण भारत के दर्दे हाल जानने के लिए काफी नहीं है।

जमैका का कमाल
नई दिल्ली कॉमनवेल्थ गेम्स में जमैका के लेरोन क्लार्क ने 10.12 सेकंड में 100 मीटर की दौड़ जीत ली जबकि भारत के अब्दुल नजीर कुरैशी फाइनल के लिए क्वालीफाई ही नहीं कर सके। जमैका जैसे छोटे देश का एथलेटिक्स में कमाल रिसर्च का विषय है। पिछले एक दशक से एथलेटिक्स में इसका दबदबा बढ़ा है। जमैका के यूसैन बोल्ट ने 100 मीटर व 200 मीटर की दौड़ 9.69 सेकंड व 19.30 से. के समय में तय कर नया विश्व व ओलिंपिक कीर्तिमान रचा है। इस रफ्तार के सौदागर ने जो कमाल किया है उसे दोहराने में अन्यों को काफी समय लग जाएगा।
क्यों आगे है जमैका
1. वहां स्कूली स्तर पर बच्चों को एथलेटिक्स के लिए प्रेरित किया जाता है।
2. अंडर-19 स्तर की एथलेटिक्स स्पर्धा में दर्शकों की संख्या 20 से 25 हजार की होती है जिससे साबित होता है कि वहां एथलेटिक्स की जड़ कितनी मजबूत है।
3. एथलीटों को विश्व स्तरीय बनाने के लिए वहां हाई परफॉमेंस ट्रेनिंग सेंटर स्थापित किए गए हैं जिसमें विश्व प्रसिद्ध कोच प्रशिक्षण देते हैं।
4. एथलीटों की गति व शक्ति बढ़ाने के लिए वैज्ञानिक ढंग से प्रशिक्षण दिया जाता है।
5. एथलेटिक्स कोच स्टीफन फ्रांसिस के क्लब में 70 से ज्यादा एथलीट उच्च प्रशिक्षण ले रहे हैं।
प्युमा का है सहयोग : जमैका में एथलीटों को गढ़ने में प्युमा ने काफी रूचि ली है। यूसैन बोल्ट इसके उदाहरण है। बोल्ट को प्युमा ने आर्थिक मामलों में तनाव रहित रखा जिससे विश्वस्तरीय बनने में उन्हें मदद मिली।
जहां चाह है वहां राह है
जमैका में जब स्टीफन फ्रांसिस व फॉस्टर ने एथलेटिक्स क्लब की स्थापना की थी तब उनकी आर्थिक मदद करने के लिए कोई आगे नहीं आया। इन्होंने इसके बाद भी हिम्मत नहीं हारी और फॉस्टर ने अपनी कार बेच दी और क्लब की आवश्यकताएं जुटाईं। प्युमा तो बहुत बाद में बोल्ट से जुड़ा।
अमेरिका का भी है योगदान :
जमैका की नई पीढ़ी अमेरिका में पढ़ते हुए वहां एथलेटिक्स का प्रशिक्षण लेना पसंद करते हैं। इसकी वजह यह है कि वहां खेल के साथ पढ़ाई की सुविधा भी मिल जाती है। प्रशिक्षण भी आधुनिक ढंग से मिल जाता है। जमैका के 25 से ज्यादा एथलेटिक्स के कोच अमेरिकी यूनिवर्सिटी में कोचिंग दे रहे हैं तथा सैकड़ों जमैकन एथलीट उन यूनिवर्सिटीज में अध्ययनरत हैं।

---------------------------------------------
ओलिंपिक, कॉमनवेल्थ और हम
इवेंट-ओलिंपिक-कॉमनवेल्थ-भारत

100 मीटर-9.69 से.-9.88 से.-10.30 से.
200मीटर-19.30 से.-19.97 से.-20.73 से.
400 मीटर- 43.49 से.-44.52 से.-45.48 से.
800 मीटर - 1:42.58 से.-1: 43.22 से.-1:45.77 से.
1500 मीटर- 3:32.07 से.-3:32.16से.-3:38.00 से.


100 मीटर दौड़ में विश्व के टॉप-10 एथलीट
1. यूसैन बोल्ट -जमैका-9.58 सेकंड(2009)
2.टायसन गे-अमेरिका-9.69 सेकंड (2009)
3.असाफा पावेल-जमैका-9.72 से. (2008)
4.नेस्टा कार्टर -जमैका-9.78 से. (2010)
5.मॉरिस ग्रीन -अमेरिका-9.79 से. (1999)
5.डोनोवान बैली -कनाडा-9.79 से.(1996)
6.ब्रनी सुरीन-कनाडा-9.84 से. (1999)
6.लिरॉय बेरेल-अमेरिका-9.84 से. (1994)
7.जस्टिन गेटिन-अमेरिका-9.85 से. (2004)
7.ओलुसोजी फसुवा -नाइजीरिया- 9.85 से. (2006)
----------------------------------
पांच प्रमुख इवेंट में ओलिंपिक रिकॉर्ड
100 मीटर -यूसैन बोल्ट -जमैका-9.69 से. (2008 बीजिंग ओलिंपिक)
200 मीटर-यूसैन बोल्ट-जमैका-19.30 से. (2008 बीजिंग ओलिंपिक)
400मीटर-माइकल जॉनसन-अमेरिका-43.49 से. (1996,अटलांटा ओ.)
800 मीटर-वी. रोडल-नॉर्वे-1:42.58 से. (1996,अटलांटा ओ.)
1500 मीटर - नोआ नेनी-केन्या-3:32.07 से. (2000,सिडनी ओ.)
----------------------------------------------
पांच प्रमुख इवेंट में भारतीय रिकॉर्ड
100 मीटर दौड़ : अनिल कुमार - 10.30 से.(2005)
200 मीटर दौड़ - अनिल कुमार-20.73 से.(2000)
400 मीटर दौड़-के.एम.बीनु-45.48 से.(2004)
800 मीटर दौड़-श्रीराम सिंह-1:45.77 (1976)
1500 मीटर दौड़- बहादुर प्रसाद- 3:38.00 (1995)
----------------------------------र्
पांच प्रमुख इवेंट में कॉमनवेल्थ रिकॉर्ड
100 मीटर : ए.बोल्डन -.त्रिनिदाद 9.88 से.-(1998)
200 मीटर-फ्रेंकी फ्रेडरिक नामीबिया-19.97 से. (1994)
400 मीटर- इवान थॉमस -वेल्स- 44.52 से.
800 मीटर- स्टीव क्रेम-इंज्लैंड- 1:43.22
1500 मीटर-फिलबर्ट (तंजानिया)-3:32.16
---------------------------------------------
इनका कहना है
हमारे समय में एथलेटिक्स में सुविधाओं की कमी थी लेकिन जोश, जज्बा व जुनून बरकरार था। फौजी होने के नाते विरोधी को हराने की भी धुन बनी रहती थी। यही कारण है कि किसी वैज्ञानिक प्रशिक्षण के बिना भी मैं विश्व प्रसिद्ध धावक बन सका। मैं यह नहीं कहूंगा कि बदलते समय में बीता उदाहरण प्रेरक हो सकता है लेकिन यह जरूर कहूंगा कि अब आधुनिक सुविधाएं व रोजगार की गारंटी है जिसका एथलीट पूरा-पूरा लाभ उठाएं। - मिल्खा सिंह, उड़न सिख--------------------------------------------------
भारत में एथलेटिक्स की सुविधाएं तो हैं लेकिन खेलों में छाई राजनीति के कारण तरक्की नहीं हो पा रही है। राज्य संगठनों में ऐसे लोग विराजमान है जिनका खेलों से कोई वास्ता नहीं रहा है। मैंने अपनी अकादमी प्रारंभ की है और बहुत जल्दी विश्व स्तरीय एथलीट वहां से निकलेंगे ऐसा मैं कह सकती हूं। - पीटी ऊषा, उड़न परी

क्रिकेट की नई शक्ति : इंग्लैंड

Publicado  शुक्रवार, मई 21, 2010


प्रशांत रायचौधरी
दक्षिण अफ्रीका में खेले गए पहले टी20 विश्व कप में जिस टीम के स्टुअर्ट ब्रॉड की गेंद पर भारत के युवराज सिंह ने छह गेंदों में छह छक्के जड़े थे वह टीम पहले व दूसरे टी20 विश्व कप में तो कोई करिश्मा नहीं कर सकी लेकिन अब वही टीम ब्रिजटाउन में ऑस्ट्रेलिया जैसी खिताब की प्रबल दावेदार टीम को सात विकेट से हरा कर विश्व सिरमौर बन चुकी है। गत वर्ष टी20 विश्व कप प्रतियोगिता के लीग के अपने पहले मैच में हॉलैंड जैसी कमजोर टीम के खिलाफ हारने वाली इंग्लैंड टीम इस साल टी20 की विश्व कप विजेता टीम बन चुकी है। गत वर्ष टी20 में इंग्लैंड ने आठ अंतर्राष्ट्रीय मैच खेले थे जिसमें से उसे पांच मैचों में पराजय मिली थी। आखिर क्या कारण है कि साल भर में इस टीम ने चमत्कार कर दिया। जिस टीम को प्रतियोगिता के पहले संभावित विजेता नहीं माना जा रहा था वह अब नए फॉर्मेट का बादशाह बन चुका है। 35 सालों में इंग्लैंड ने आईसीसी की यह पहली प्रतियोगिता जीती है अन्यथा बीते 35 सालों में वह 19 टूर्नामेंटों में जीत से वंचित रहा है।
क्या कारण है जीत के : इंग्लैंड की जीत के कई कारण है जिनमें प्रमुख है टीम में जोशिले खिलाडिय़ों को प्राथमिकता, बढ़िया क्षेत्ररक्षण,स्ट्राइक रेट को गतिशील रखना, पावर प्ले में उम्दा प्रदर्शन, छक्के मारने की क्षमता में वृद्धि, गेंदबाजी में विविधता व टीम वर्क। इन सबके लिए कोच एंडी फ्लॉवर व कप्तान पॉल कालिंगवुड ने प्रशंसनीय पहल की है। इन्हें अनुभवी खिलाड़ी केविन पीटरसन का भी बढिय़ा सहयोग मिला है।
ओपनिंग जोड़ी लाजवाब: इंग्लैंड की ओपनिंग जोड़ी कीसवेटर और माइकल लंब ने आपसी समझबूझ व तालमेल से रन जुटा कर पारी को ठोस आधार दिया। कीसवेटर प्राय: सभी मैचों में छाए। वे यदि बल्ले से नहीं चले तो कीपिंग में बढिय़ा प्रदर्शन किया।
गेंदबाजों ने किया कमाल : इंग्लैंड के तेज गेंदबाजों साइडबॉटम, ब्रेसनन व स्पिनर स्वान व यार्डी ने उम्दा प्रदर्शन किया। बाएं हाथ के व लंबे बालों वाले तेज गेंदबाज साइडबॉटम ने गति, स्विंग व यॉर्कर में चतुराई दिखाई वहीं ब्रेसनन ने टीम को बढिय़ा स्टार्ट दिया। तीसरे तेज गेंदबाज स्टुअर्ट ब्रॉड ने भी समय-समय पर विपक्षी बल्लेबाजों के लिए परेशानी पैदा की। स्पिनर द्वय स्वान व यार्डी ने न केवल कसावट भरी गेंदबाजी की बल्कि विकेट भी चटकाए। इंग्लैंड के गेंदबाजी आक्रमण टूर्नामेंट में सर्वश्रेष्ठ कहा जा सकता है। स्पिनर स्वान को स्पर्धा का सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज इसलिए भी कहा जा सकता है क्योंकि उन्होंने न केवल 10 विकेट लिए बल्कि उनका इकॉनॉमी रेट भी 6.5 रहा।
पीटरसन छाए : प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट केविन पीटरसन ने शानदार बल्लेबाजी की। उन्होंने टीम की जीत में कई उपयोगी पारियां खेलीं। उन्होंने टूर्नामेंट में कुल 248 रन बनाए। पीटरसन इसका श्रेय आईपीएल को देना चाहते हैं जबकि भारतीय खिलाडि़यों ने अपनी असफलता का दोष आईपीएल के मथ्थे मढ़ दिया।
छक्का मारने में माहिर : इंग्लैंड के प्रमुख बल्लेबाजों का स्ट्राइक रेट 100 से उपर रहा। ये बल्लेबाज स्पिनर हो या तेज गेंदबाज दोनों को समान रूप से छक्का जडऩे में माहिर हैं। इंग्लैंड के पीटरसन के अलावा कीसवेटर, लंब, ल्यूक राइट, कॉलिंगवुड व ई.मोर्गन छोटे फॉर्मेट में छक्के लगाने में माहिर हैं। इंग्लैंड के अलावा किसी और टीम में इसप्रकार की क्षमता नहीं दिखी।
काउंटी का अनुभव काम आया: इंग्लैंड टीम को टी20 काउंटी टूर्नामेंट का अनुभव काफी काम आया। इस ब्रितानी टीम ने टी20 को एक नई दिशा दी है।

धोनी ब्रिगेड का टूट गया सपना

Publicado  गुरुवार, मई 13, 2010

प्रशांत रायचौधरी
कैरेबियाई धरती पर जारी टी20 वर्ल्ड कप क्रिकेट प्रतियोगिता से अंतत: भारतीय टीम बाहर हो गई। सुपर-8 के तीसरे व उसके अंतिम मैच में उसे श्रीलंका ने पांच विकेट से पराजित किया। सुपर-8 में इसके पहले ऑस्ट्रेलिया ने उसे 49 रन से व वेस्टइंडीज ने 14 रन से हराया था। श्रीलंका ने अंतिम आठ गेंदों में 4 छक्के लगाकर भारतीय टीम के छक्के छुड़ा दिए।

देखा जाए तो भारत से इस बार खराब प्रदर्शन की उम्मीद नहीं थी। आईपीएल में भारतीय सितारे जबर्दस्त फॉर्म में थे और सहवाग व धोनी सहित कई सीनियर साथियों ने कहा था कि आईपीएल से थकावट नहीं होती बल्कि बढिय़ा अभ्यास हो जाता है जबकि धोनी ने श्रीलंका से हार के बाद कहा कि आईपीएल की नाइट पार्टियों व एक स्थान से दूसरे स्थान जाने के कारण आवश्यक फिटनेस बनाए रखना मुश्किल हो जाता है।

क्या कप्तानी में है कमी :

सौरव गांगुली के बाद भारत के सबसे सफल कप्तान महेंद्र सिंह धोनी चूकते से नजर आ रहे है। हो सकता है कि उन्हें आगामी वल्र्ड कप तक आजमाया जाए फिर सुरेश रैना की ताजपोशी हो जाए। रैना को जिम्बाब्वे दौरे के लिए कप्तान बनाए जाने से यही संकेत मिलता है। खैर, धोनी कहते हैं कि हमारे बल्लेबाज शॉर्ट पिच गेंदों को नहीं खेल पाते हैं।

हांलाकि वे यह भी जानते होंगे कि यह कमजोरी पिछले दो दशक से भी ज्यादा समय से है। फिर इस कमी को एक्पोज करने की आवश्यकता क्या है। इस कमी को दूर करने के लिए द.अफ्रीकी कोच गैरी कर्स्टन ने क्या कोई उपाय नहीं किया है। यदि नहीं तो टीम इंडिया अजेय योद्धा बनने का सपना कैसे देख रही है।

आईपीएल ही जिम्मेदार :

सच कहा जाए तो आईपीएल बहुत लंबा चलता है। छोटे फॉर्मेट के क्रिकेट में फिटनेस मायने रखती है। अत: खिलाड़ी पर शारीरिक जोर ज्यादा पड़ता है। ऐसे में वे सौ प्रतिशत कैसे दे सकते हैं। उदाहरण के लिए यूसुफ पठान आईपीएल के हीरो थे लेकिन टी20 वर्ल्ड कप में उनका प्रदर्शन संतोषजनक नहीं रहा। वे एक भी मैच में मैच विजेता प्रदर्शन नहीं कर सके।

नए सितारों से धोनी खुश नहीं :

कप्तान धोनी का कहना है कि नए सितारों में अनुभव की कमी तथा शॉर्ट पिच गेंदों को खेलने की तकनीक की कमी है। सीनियर खिलाड़ी वीरेंद्र सहवाग, राहुल द्रविड़, सचिन तेंडुलकर, सौरव गांगुली आदि जिस खूबी से स्पिन व तेज गेंदों को खेलते हैं वैसी तकनीक नए खिलाडिय़ों में देखने को नहीं मिल रही है। ये खिलाड़ी वेस्टइंडीज में शॉर्ट पिच गेंदों के सामने पूरी तरह से एक्सपोज हो गए और असहाय नजर आए। इसी तरह चूंकि यहां सहवाग भी नहीं थे तो गंभीर भी विकेट पर पूरे भरोसे के साथ नहीं खेल पा रहे थे। यहां तक सहवाग की गैरमौजूदगी में गौतम गंभीर भी साधारण नजर आए।

जडेजा ने किया निराश :

भारतीय टीम से रवींद्र जडेजा ने सबसे ज्यादा निराश किया। उनके गेंदों पर आधा दर्जन से अधिक छक्के लगे। रवींद्र जडेजा पर मैच दर मैच इतना अधिक भरोसा क्यों किया गया । यह भी कह सकते हैं कि उनके चयन का आधार क्या था। वे आईपीएल से दूर थे जबकि रनों का अंबार लगाने के बावजूद रॉबिन उथप्पा, विराट कोहली, सौरभ तिवारी और मनीष पांडे जैसे खिलाडिय़ों को टीम इंडिया में आने के लिए और कौन सा तरीका अपनाना होगा।

सपोर्ट स्टाफ को हटाए :

आज जमाना प्रोफेशनल्स का है। हर जगह रणनीति के तहत काम किया जाता है। टीम इंडिया ने या तो टी 20 विश्वकप जैसे बड़े टूर्नामेंट में विरोधी टीमों के लिए कोई रणनीति ही नहीं बनाई, और अगर बनाई भी थी, तो कह सकते हैं कि वो पूरी तरह से फ्लॉप हो गई। अब ये रणनीति अगर फ्लॉप रही तो इसका पोस्टमार्टम होना भी जरुरी है। टीम के साथ सपोर्ट स्टाफ में बहुत महंगे कोच और ट्रेनर होने के बावजूद अगर टीम इतनी लचर फील्डिंग करती है तो बेहतर है या तो सपोर्ट स्टाफ को बाहर कर दिया जाए या फिर वो युवा टीम चुनी जाए जो कोच और ट्रेनर के सिखाए रास्ते पर चल सके।

अब क्या करेंगे सितारे :

भारतीय टीम को इसी माह त्रिकोणीय सीरीज खेलने जिम्बाब्वे जाना है। घोषित टीम में सीनियर खिलाडिय़ों धोनी, जहीर, गंभीर, हरभजन सिंह आदि को आराम दिया गया है अत: इन्हें पूरी तरह आराम फरमाना चाहिए और बाद में तरोताजा होने के बाद आगामी 50-50 वर्ल्ड कप क्रिकेट की तैयारियों में व्यस्त हो जाना चाहिए। एक वर्ल्ड कप फिसल गया लेकिन दूसरे को कैच करने का प्रयास जारी रहे तो अच्छा होगा।

दिलों में बसने लगे हैं सुरेश रैना

Publicado  गुरुवार, मई 06, 2010


प्रशांत रायचौधरी
गाजियाबाद जैसे छोटे शहर के सुरेश रैना बड़े खिलाड़ी बन चुके हैैं। उन्होंने पिछले दिनों आईपीएल-3 में और वेस्टइंडीज द्वीप समूह में जारी टी20 वल्र्ड कप क्रिकेट प्रतियोगिता में शानदार शतक जड़कर क्रिकेट विशेषज्ञों का ध्यान आकर्षिक किया है। पाकिस्तान के पूर्व कप्तान वसीम अकरम ने उन्हें विश्व के सर्वश्रेष्ठ युवा बल्लेबाज की संज्ञा दी है। बाएं हाथ के इस 23 वर्षीय बल्लेबाज ने तारीफों का जवाब यह कह कर दिया कि चेन्नई सुपर किंग्स की ओर से खेलते समय स्टीफन फ्लेमिंग, महेंद्र सिंह धोनी और मैथ्यू हेडन ने जो मार्गदर्शन दिया उसीका यह परिणाम है। तात्पर्य यह है कि रैना अपने वरिष्ठों के सुझावों को गंभीरता से लेते हैैं और क्रिकेट की दुनिया में लंबे रेस का खिलाड़ी बनना चाहते हैैं। रैना की बल्लेबाजी में युवराज सिंह की झलक लगती है। यह और बात है कि वे इन दिनों युवी से बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैैं। टी20 वल्र्ड कप में उन्होंने खिताब की दावेदार टीमों में से एक दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले 50 रन 42 गेंदों (4 चौके,1छक्का) पर बनाए लेकिन अगले 51 रन उन्होंने सिर्फ 18 गेंदों में 5 चौकों व 4 छक्कों के सहारे जुटा लिए। उनकी आक्रमकता का इससे बढिय़ा उदाहरण क्या हो सकता है। रैना ने ए.मोर्केल की गेंद पर छक्का मार कर अपना शतक पूरा करने का साहस दिखाया। यह खुशी की बात है कि उन्होंने जब शतक लगाया तब उनके आदर्श महेंद्र सिंह धोनी दूसरी छोर पर थे। रैना जिस तरह से खेल रहे हैैं उससे यह लगता है कि भारत को तीसरे क्रम का खिलाड़ी मिल गया है। रैना वनडे व टी20 में अपनी उपयोगिता साबित कर चुके हैैं लेकिन उन्हें अभी टेस्ट में स्वयं को स्थापित करना है। वसीम अकरम का कहना है कि जब तक रैना टेस्ट में कमाल नहीं करते हैैं तब तक सौरव गांगुली से उनकी तुलना नहीं करना चाहिए।
ऐसे बढ़ा रैना का कारवां : एक प्रोफेशनल क्रिकेटर बनने के लिए रैना ने 1999 में शासकीय स्पोट्र्स कॉलेज लखनऊ में दाखिला लिया। वे जल्दी ही चयनकर्ताओं के निगाह में आ गए और जब सिर्फ साढ़े 15 साल के थे तभी अंडर-19 की भारतीय टीम में शामिल कर लिए गए। 2004 के अंडर-19 वल्र्ड कप में रैना ने तीन अर्धशतक लगाए जिसमें 38 गेंदों में बनाए 90 रन शामिल है।
बॉर्डर-गावसकर ट्रॉफी छात्रवृत्ति के लिए चयन : रैना का चयन बॉर्डर-गावसकर ट्रॉफी छात्रवृत्ति के लिए भी हुआ था। बीसीसीआई ने उन्हें छात्रवृत्ति के तहत ऑस्ट्रलिया विशेष प्रशिक्षण के लिए भेजा। वहां से वापस आने के बाद रैना ने उत्तर प्रदेश रणजी ट्रॉफी टीम के लिए एक ही सत्र में 6 मैचों में 620 रन बनाए। इतना ही नहीं रैना के शानदार प्रदर्शन के कारण उत्तर प्रदेश ने रणजी ट्रॉफी जीतने का श्रेय पाया।
पहला अंतर्राष्ट्रीय शतक (101 रन) 2008 में : रैना ने पहला अंतर्राष्ट्रीय शतक 23 जून 2008 को एशिया कप में हांगकांग के खिलाफ लगाया।इसके बाद के मैच में उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ 84 व बांग्लादेश के खिलाफ 116 नाबाद रन बनाए। तीनों ही अवसरों पर उन्हें मैन ऑफ द मैच का अवार्ड मिला। इस टूर्नामेंट से पहले एक अवसर ऐसा भी आया था जब खराब प्रदर्शन के कारण उन्हें साल भर तक टीम इंडिया से बाहर होना पड़ा था। बाद में घरु क्रिकेट में बढिय़ा खेल कर उन्होंने वापसी की।
तीसरा शतक डेढ़ साल बाद : रैना को वनडे का तीसरा शतक लगाने में डेढ़ साल का समय लग गया। तीसरा शतक उन्होंने ढाका में आयोजित ट्राई नेशंस स्पर्धा में श्रीलंका के खिलाफ (106 रन) 13 जनवरी 2010 में लगाया। दूसरे शतक व तीसरे शतक के बीच डेढ़ साल का अंतर रहा। इस बीच रैना तीस से ज्यादा वनडे खेले लेकिन सफलता नहीं मिली।
भविष्य है उज्जवल : रैना के बारे में महान कपिलदेव का कहना है कि उनका भविष्य उज्ज्वल है लेकिन उन्हें अभी से आसमां पर नहीं चढ़ाना चाहिए। कपिल उनमें भविष्य का कप्तान भी देखते हैं।
फील्डिंग है लाजवाब : रैना सीधे थ्रो से रनआउट करने में माहिर हैं। साथ ही वे एक चतुर फील्डर भी हैं। उनकी फुर्ती युवराज या मोहम्मद कैफ से कम नहीं है।
बल्लेबाजी की खूबी : रैना कवर ड्राइव लगाने में माहिर है लेकिन वे मिडविकेट क्षेत्र में गेंद को फ्लिक करने में भी उतने ही पारंगत हैं। उनका फुटवर्क काफी अच्छा है जिससे वे स्पिनरों की जमकर धुनाई करते हैं। तेज गेंदबाजों को भी आगे बढ़कर धुनाई करने में माहिर हैं। इसके अलावा रैना फाइन लेग पर स्कूप शॉट खेलने में भी माहिर हैं।
आवश्यकता है मानसिक दृढ़ता कायम रखने की: रैना को यदि लंबे समय तक अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में बने रहना है तो उन्हें सचिन व द्रविड़ जैसी एकाग्रता विकसित करनी होगी। यदि वे युवराज सिंह जैसी जीवनशैली अपनाएंगे तो कांबली या मोहम्मद कैफ बनने में उन्हें देर नहीं लगेगी। गनीमत है कि आईपीएल के दौरान चेन्नई सुपर किंज्स के कप्तान धोनी से काफी कुछ सीखने को मिला जो कि टीम इंडिया में उन्हें स्थाई जगह बनाने में लाभदाई साबित होगा।

वनडे मैचों में प्रदर्शन
मैच-पारी-कुल रन--सर्वश्रेष्ठ- कुल शतक -अर्धशतक

90-73-2214-116*-3-15
प्रथम श्रेणी के मैचों में प्रदर्शन
मैच-पारी-कुल रन--सर्वश्रेष्ठ- कुल शतक -अर्धशतक
51-86-3684-203-6-25
टी20 अंतर्राष्ट्रीय में प्रदर्शन
मैच-पारी-कुल रन--सर्वश्रेष्ठ- कुल शतक -अर्धशतक
13-12-268-101-1-1
आईपीएल में प्रदर्शन
मैच-पारी-कुल रन--सर्वश्रेष्ठ- कुल शतक -अर्धशतक
30-28-855-98-0-5

'जिन्न' को जाना ही होगा बोतल में

Publicado  मंगलवार, अप्रैल 20, 2010

प्रशांत रायचौधरी
कुछ साल पहले भारतीय क्रिकेट के महाशक्तिशाली व्यक्तित्व जगमोहन डालमिया से निपटने के लिए वरिष्ठ क्रिकेट प्रशासक आईएस बिंद्रा ने बोतल से एक 'जिन्न' को बाहर निकाला था और उस जिन्न ने 'जो हुक्म मेरे आका' कह कर वह सबकुछ किया जो डालमिया को निपटाने के लिए आवश्यक समझा गया। उसने न केवल कूटनीति के जरिए बल्कि बीसीसीआई की बैठकों में अपमान की हद तक जाकर डालमिया को नेपथ्य में ढकेल दिया। जिन्न बोतल से निकल चुका था और वह इतना शातिर हो गया कि उसे बोतल में डालना मुश्किल सा हो गया है।

जिन्न ने बोतल में जाने के बदले आईपीएल के रूप में एक नया फॉर्मूला पेश किया जिसमें बेशुमार धन तो था ही साथ ही सूरा व सुंदरी के मजे ही मजे थे। फिर क्या था धन लोलुप बीसीसीआई ने इस फॉर्मूले को हकीकत का जामा पहना दिया। देखते ही देखते जिन्न और शक्तिशाली होता चला गया और उसके सामने बीसीसीआई के बड़े से बड़े पदाधिकारी बौने नजर आने लगे।

इस जिन्न को शक्तिशाली बनाने में पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष आईएस बिंद्रा का सबसे बड़ा हाथ था। बिंद्रा पहले से ही कहते रहे हैं कि क्रिकेट में सट्टा को मान्यता मिलनी चाहिए जैसा कि विदेशों में होता है। उनकी चाहत को केंद्र सरकार का सहयोग तो नहीं मिला लेकिन जिन्न समझ गया कि यदि मैं गैरकानूनी तरीके से सट्टेबाजी या मैच फिक्सिंग करूं तो मेरा कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता है। उनकी सोच थी कि हमाम में सभी नंगे हैं। उसने किया भी वही जो उन्हें अच्छा लगा।

ललित मोदी नामक यह जिन्न अब क्रिकेट के लिए हानिकारक होता जा रहा है। केंद्र सरकार और बीसीसीआई की कोशिश है कि जितनी जल्दी हो सके इस जिन्न को बोतल में वापस डाल दिया जाए। अब देखना है कि वे काबू में आ पाते हैं या नहीं। मैंने इसके पहले के लेख में लिखा था कि आईपीएल में मस्ती ही मस्ती है। उसमें मैच फिक्सिंग की भी चर्चा की थी।

आखिर जिन मुद्दों पर मैंने कटाक्ष किया था वह सही साबित हुआ। शशि थरूर-ललित मोदी प्रकरण के बाद आईपीएल जिस कदर बदनाम हुआ है उससे तो यही लगता है कि न केवल ललित मोदी को आईपीएल के कमिश्नर पद से हटा देना चाहिए बल्कि सट्टे का आकार ले रहे इस टूर्नामेंट को बंद कर देना चाहिए।

मोदी से इसलिए सभी हैं नाराज :

ललित मोदी अपने खराब व्यवहार, दंभी स्वभाव व झगड़ालू प्रवृत्ति के कारण कुख्यात हैं। चाहे राजस्थान क्रिकेट संगठन का मसला हो या बीसीसीआई से जुड़े मामलों का उन्होंने अपने दोस्त से ज्यादा दुश्मनों की संख्या बढाई है। यही कारण है कि अब जब आईपीएल पर इंकम टैक्स का छापा पड़ा और मोदी पर मैच फिक्सिंग व सट्टेबाजी में लिप्त होने के प्रमाण मिलने लगे तो लोग उनसे कन्नी काटने लगे हैं। मोदी ने टि्वटर पर शशि थरूर की पोल खोली थी लेकिन अब टि्वटर के कारण ही उनकी भी बिदाई संभव है। मोदी भले कहे कि उनका बाल बांका नहीं होगा लेकिन केंद्र सरकार उन्हें नहीं बख्शने वाली है।

अपार धन आया कहां से?

प्राप्त जानकारी के अनुसार ललित मोदी ने इंकम टैक्स भरने में भी काफी गफलत की है। उन्होंने 2007 में 19 लाख रुपए एडवांस टैक्स भरा। इसके बाद 2008 में 2.5 करोड रुपए टैक्स दिया। 2009 में यह रकम सिर्फ 32 लाख रही लेकिन, 2009-10 में यह बढ़कर 11 करोड रुपए हो गया। आखिर टैक्स भरने में विरोधाभास क्यों? एक साल पहले सिर्फ 32 लाख टैक्स भरने वाले मोदी की कमाई उसी साल 50 करोड़ रुपए तक कैसे पहुंच गई।

मोदी के पास है एरोप्लेन :

विमान, याट के अलावा मर्सिडीज व बीएमडब्ल्यू जैसी ढेरों कारें मोदी के पास है। जिस व्यक्ति ने चार साल पहले कोई टैक्स नहीं भरा था वह एकाएक अपार धन का मालिक कैसे बन गया। अगर सरकार मोदी के खिलाफ कोई कदम उठाने का मन बना चुकी है तो इसमे गलत क्या है।

अब क्या होगा मोदी के साथ :

इंकम टैक्स विभाग राजस्थान टीम की फंडिंग के स्रोत की जानकारी ले रही है। इस टीम में जयपुर आईपीएल प्रालि. की हिस्सेदारी है, जो मोदी के नजदीकी रिश्तेदार सुरेश चेलाराम की है। यह चौंकाने वाला तथ्य है कि गठन से पहले ही इस कंपनी को मॉरीशस से पैसा कैसे मिल गया। मॉरीशस के अलावा कई अन्य देशों से भी राजस्थान रॉयल्स को धन मिल चुका है। माना यह जा रहा है कि मोदी के कारण ही धन की बरसात हुई है

आईपीएल में बस मौजा ही मौजा

Publicado  रविवार, अप्रैल 11, 2010

प्रशांत रायचौधरी
दक्षिण अफ्रीका के प्रमुख बल्लेबाज हर्शेल गिब्स का कहना है कि वे आईपीएल में खेलने के प्रति गंभीर नहीं है। वे तो मैच के बाद होने वाली रंगीन पार्टियों,चीयर लीडर्स तथा बॉलीवुड अदाकाराओं के सानिध्य का आनंद लेने के लिए भारत आते हैं। इससे पहले भी गत वर्ष शाहिद आफरीदी ने कहा था कि जब सामने चियर लीडर्स हो तो रन कैसे बन सकते हैं। मेरा ध्यान तो उनकी अदाओं पर रहता है।

इसका मतलब यह हुआ ऐसे बहुत से खिलाड़ी होंगे जो आईपीएल से न केवल धन प्राप्त कर रहे हैं बल्कि सूरा व सुंदरियों पर धन भी लुटा भी रहे होंगे। इसमें सबसे ज्यादा दिक्कत उन उभरते खिलाड़ियों को हो रही होगी जिनका अभी क्रिकेट में भविष्य बनना है। ये खिलाड़ी कैरियर बनने से पहले ही रात की रंगीनियों मजा लेने लगे हैं। ललित मोदी के तिलस्म में इनकी तरूणाई गुम हो गई है।

सट्टेबाजी जोरों पर : आईपीएल के चलते लोगों में सट्टेबाजी की प्रवृत्ति भी बढती जा रही है। आखिर बीसीसीआई समाज को किस ओर ले जाना चाहती है। सट्टेबाजी का आलम तो यह है कि पाकिस्तान में भी आईपीएल का प्रसारण सट्टेबाजों के दबाव में हो चुका है।सिर्फ भारत में ही रोजाना 500 करोड़ रुपए से ज्यादा का सट्टा लगता है। विदेशों में भी ऑनलाइन सट्टा लगाया जा रहा है।

सट्टेबाजी के बारे में पिछले दिनों भोपाल की बड़ी झील के समीप पहाड़ी में स्थित एक होटल के वेटरों को बोलते सुना था कि उनका पूरा वेतन आईपीएल की सट्टेबाजी में चला गया। वे तब भी यह कह रहे थे कि हम सट्टा खेलना नहीं छोड़ेंगे। हमें क्रिकेट का नशा हो चुका है। यह तो एक उदाहरण है लेकिन सच्चाई यह है कि उच्च वर्ग से लेकर निम्न वर्ग तक लोग क्रिकेट के सट्टे में फंसते जा रहे हैं।

बीसीसीआई को कोई फिक्र नहीं : भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) को सट्टेबाजी की जरा भी फिक्र नहीं है। उलटे बीसीसीआई के आईएस बिंद्रा कई सालों से खुले आम कह रहे हैं कि क्रिकेट सट्टा को केंद्र शासन से मान्यता मिलनी चाहिए। जब विदेशों में विभिन्न खेलों पर सट्टा फल-फूल रहा है तो भारत में क्यों नहीं। बीसीसीआई को शायद स्वस्थ समाज की चिंता नहीं है इसलिए उसने आईपीएल के रूप में धीमा जहर परोस दिया है। आईपीएल सिर्फ खेल बन कर रह जाता तो ठीक है लेकिन इसमें ग्लैमर की सेंधमारी से अब सबकुछ स्वस्थ नहीं रह गया है।

क्या बंद हो आईपीएल : आईपीएल को बंद करने के बजाय उसका नियंत्रण पूरी तरह से बीसीसीआई के हाथ में आ जाना चाहिए। अभी इसमें आईपीएल कमिश्नर ललित मोदी का फंडा हावी है लेकिन एक बार बीसीसीआई के कब्जे में आने के बाद सुधार की पूरी तरह से गुंजाईश है। कमसे कम रात की रंगीनियों पर तो नियंत्रण किया ही जा सकता है। हां, इसके लिए अरबपति फ्रेंचाइजियों का भी सहयोग अपेक्षित है।

फायदा भारतीय खिलाड़ियों को हुआ : आईपीएल के तीन संस्करण से कई भारतीय खिलाड़ी उभरे। उदाहरण के लिए यूसुफ पठान आईपीएल की ही देन है। उनके अलावा एम.बिसला, टी.सुमन, के.जाधव, मनीष पांडे, नमन ओझा, आर. विनय कुमार आदि को भी लोग आईपीएल के कारण ही जानने लगे हैं। यदि इस फटाफट के फॉर्मेट को खेल ही रहने दिया जाए और ग्लैमर को कट कर दिया जाए तो खेल का ही भला होगा अन्यथा एक दिन ऐसा भी आ सकता है जब लोग आईपीएल से उबने लगेंगे। वैसे भी महिलाएं फिर से टीवी सीरियल देखने में व्यस्त हो गईं है और मैच के दौरान भी सड़कों में भीड़ उमड़ने लगी है।

जारी है चयनकर्ताओं की गुगली

Publicado  शनिवार, मार्च 27, 2010

प्रशांत रायचौधरी

30 अप्रैल से वेस्टइंडीज में होने वाले तृतीय ट्वेंटी20 वर्ल्ड कप क्रिकेट प्रतियोगिता के लिए टीम इंडिया की घोषणा शुक्रवार को मुंबई में कर दी गई। घोषित टीम में सिर्फ एक ही नया चेहरा कर्नाटक के तेज गेंदबाज विनय कुमार को शामिल किया गया है। 15 सदस्यीय टीम में चौंकाने वाले चेहरे के रूप में दाएं हाथ के लेग स्पिनर पीयूष चावला को स्थान मिला है जबकि इशांत शर्मा, विराट कोहली, रॉबिन उथप्पा, इरफान पठान, एस.श्रीसंथ टीम का हिस्सा नहीं बन सके। अपने चयन पर जहां पीयूष चावला ने आश्चर्य व्यक्त किया है वहीं विनय कुमार ने खुशी जाहिर की है।

यदि चावला के चकित होने की बात करें तो उनके इस कथन से ही चयनकर्ताओं की पोल खुल जाती है। जब चावला यह कह सकते हैं कि उन्हें चयन की उम्मीद नहीं थी तो इसका मतलब है कि उन्हें पिछले एक साल में किए गए अपने औसत प्रदर्शन का एहसास था। इसके विपरीत अमित मिश्रा इन दिनों अच्छा प्रदर्शन करने के बाद भी टीम से बाहर हो गए। वैसे तो चयनकर्ताओं की कोशिश उपलब्ध सर्वश्रेष्ठ टीम चयन की होती होगी लेकिन वे बीच-बीच में गुगली डाल ही देते हैं। रोहित शर्मा को ही लीजिए। माना कि मध्यक्रम में वे उपयोगी साबित हो सकते हैं लेकिन यूसुफ पठान व रवींद्र जडेजा के रहते क्या रोहित की आवश्यकता थी। यदि तीसरे फिनिशर के रूप में किसी को लेना ही था तो रोहित से बेहतर क्या विराट कोहली नहीं हो सकते थे।

वर्तमान आईपीएल में भी रोहित दो ही मैचों में ठीक-ठाक प्रदर्शन कर सके हैं जबकि कोहिली बैटिंग के अलावा फील्डिंग में भी चमक बिखेर रहे हैं। प्रतिभा के लिहाज से दोनों में ज्यादा अंतर नहीं है, दोनों की ही स्किल जबर्दस्त है फिर भी कोहली ज्यादा उपयोगी साबित हो सकते थे। कोहली में जिवटता है तथा उनमें मैच विजेता प्रदर्शन करने की क्षमता विकसित हो रही है। कोहली को युवराज के बैकअप के रूप में अवसर दिया जा सकता था। टीम में रवींद्र जडेजा का चयन इस मायने में चौकाने वाला है कि जडेजा आईपीएल से बाहर हैं लेकिन वे उपयोगी बल्लेबाज व तीसरे स्पिनर के रूप में काम आ सकते हैं।

चयन पर एक नजर :

सात विशेषज्ञ बल्लेबाज हैं टीम में : घोषित टीम में गौतम गंभीर, वीरेंद्र सहवाग, महेंद्र सिंह धोनी, युवराज सिंह, रोहित शर्मा, सुरेश रैना व दिनेश कार्तिक विशेषज्ञ बल्लेबाज हैं। इनमें से सहवाग व गंभीर के बैक अप के रूप में मनीष पांडे (बेंगलुरु) का चयन होता तो बेहतर होता। पांडे भी साल भर से घरेलू क्रिकेट में अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने बीते आईपीएल-2009 में शतक भी लगाया था। ऐसे में पांडे का चयन होना ही चाहिए था। टीम में दिनेश कार्तिक को धोनी के बैकअप के रूप में शामिल किया गया है। कार्तिक से बेहतर विकल्प नहीं हो सकता था।

दो हैं ऑलराउंडर : टीम में ऑलराउंडर के रूप में रवींद्र जडेजा व यूसुफ पठान को लिया गया है। दोनों ही लंबे-लंबे शॉट मारने में माहिर हैं। पठान का वर्तमान फॉर्म जबर्दस्त हैं। आईपीएल-3 में पठान एक दर्जन से ज्यादा छक्के लगा चुके हैं। पठान व जडेजा उपयोगी स्पिनर भी हैं।

तेज गेंदबाजी बड़ी कमजोरी : टीम में चार तेज गेंदबाज जहीर खान, आशीष नेहरा, प्रवीण कुमार व विनय कुमार शामिल हैं। इनमें से 30 प्लस के जहीर व नेहरा चोटों के लिए जाने जाते हैं। यदि ये चोटग्रस्त हुए तो टीम में मैच विजेता तेज गेंदबाज एक भी नहीं होगा। विनय बिल्कुल नए व अनुभवहीन हैं जबकि प्रवीण कुमार स्लॉग ओवरों में ढेरों रन जाया करते हैं। हां, प्रवीण भी जहीर खान के समान टीम के लिए कुछ बोनस रन अवश्य जुटा सकते हैं। टीम में इशांत शर्मा का चयन न होना चौंकाने वाला है।इनके अलावा एस.श्रीसंथ, मुनाफ पटेल, आरपी सिंह व सुदीप त्यागी को स्थान नहीं मिल सका है।

दो हैं स्पिनर : टीम में विशेषज्ञ स्पिनर के रूप में हरभजन सिंह व पीयूष चावला का चयन किया गया है। हरभजन सिंह की चयन तो समझमें आता है लेकिन पीयूष चावला की जगह अमित मिश्रा या बाएं हाथ के स्पिनर के रूप में प्रज्ञान ओझा को लिया जाता तो आक्रमण में विविधता हो सकती थी।

इरफान क्यों नहीं : ऑलराउंडर इरफान पठान भले ही यह कहें कि उनकी गेंदबाजी ढंग से नहीं हो रही है इसलिए उनका चयन न होना सही निर्णय है लेकिन वे अतिरिक्त तेज गेंदबाज के रूप में जगह पा सकते थे। यह और बात है कि उनका नाम संभावित 30 खिलाड़ियों में शामिल नहीं था। इरफान आवश्यकता पड़ने पर ओपनर के रूप में काम आ सकते थे। खैर, उम्मीद की जानी चाहिए कि अब तक के सफल कप्तान धोनी के नेतृत्व में भारतीय टीम दूसरी बार टी 20 वर्ल्ड कप का खिताब जीतने में कामयाब रहेगी।

तेज गेंदबाजी की दुखती रग

Publicado  शुक्रवार, मार्च 05, 2010

प्रशांत रायचौधरी
भारत की तेज गेंदबाजी के भविष्य को लेकर इन दिनों काफी कुछ कहा जा रहा है। देश में कई उभरते युवा तेज गेंदबाज कसौटी पर खरे नहीं उतर रहे हैं। पिछले दिनों अशोक डिंडा, अभिमन्यु मिथुन व सुदीप त्यागी को आजमाया गया लेकिन वे प्रभावित नहीं कर सके। और तो और अधिक अवसर मिलने के बाद भी एस.श्रीसंथ, इशांत शर्मा, आरपी सिंह, प्रवीण कुमार व मुनाफ पटेल चमक खोते से नजर आ रहे हैं। इनमें से इशांत शर्मा का लय खोना चिंता की बात है। इशांत टीम इंडिया के वर्तमान व मिथुन भविष्य माने जाते हैं। आखिर इनमें क्या कमी रह गई है। एक ओर तो तीस साल की उम्र से ज्यादा के जहीर खान व आशीष नेहरा बार-बार चोटग्रस्त होने के बाद भी धमाकेदार वापसी करते रहे हैं तो दूसरी ओर युवाओं की नई पौध फिस़ड्डी साबित हो रही है।

आखिर क्या कमी है : देखा जाए तो भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड खिलाड़ियों के कोचिंग सुनियोजित ढंग से देता है। पहले नेशनल क्रिकेट अकादमी और फिर एमआरएफ पेस फाउंडेशन के माध्यम से इन्हें संवारा जाता है। आवश्यकता पड़ने पर इन्हें विशेष प्रशिक्षण के लिए ऑस्ट्रेलिया भी भेजा जाता है। विभिन्न राज्यों की रणजी टीमें भी अपने गेंदबाजों को प्रशिक्षित करने मे पीछे नहीं रहती है। ऐसे में ये खिलाड़ी मारक क्षमता क्यों विकसित नहीं कर पाते हैं यह सोचने की बात है। अगले साल भारतीय धरती पर ही वर्ल्ड कप है और यदि हमारे पास ढंग के तेज गेंदबाज नहीं होंगे तो हम सिर्फ बल्लेबाजों के सहारे कितनी जीत हासिल कर सकेंगे। आइए हम आंकलन करें कि किन गेंदबाजों में कितनी क्षमता है -

जहीर खान : रिवर्स स् िवंग में माहिर : 32 वर्षीय जहीर खान ने भले ही हाल ही में बांग्लादेश में बढ़िया प्रदर्शन किया हो लेकिन उनका अंतरराष्ट्रीय कैरियर ज्यादा नहीं बचा है। उन्होंने बार-बार चोट लगने के बाद भी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के तीनों फॉर्मेटों में कुल 488 विकेट लिए हैं। बाएं हाथ के तेज गेंदबाज जहीर की यह विशेषता है कि वे गेंद को आउट स्विंग व इन स्विंग कराने में माहिर हैं। इसके अलावा वे रिवर्स स्विंग में भी काफी खतरनाक माने जाते हैं। कुल मिलाकर वे एक पूर्ण तेज गेंदबाज हैं। जहीर के क्रिकेट से संन्यास लेने से पहले यदि उनकी तरकीबों से युवा गेंदबाज वाकिफ हो जाए तो यह टीम इंडिया के ही काम आएगा।

आशीष नेहरा : खत्म होने को है चमक : बाएं हाथ के तेज गेंदबाज 31 वर्षीय आशीष नेहरा का कैरियर टिमटिमाने लगा है। वे टीम से अंदर व बाहर होते रहते हैं। वे जब टॉप फॉर्म में थे तब चोटग्रस्त होकर पांच साल तक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से दूर रहे फिर भी उन्होंने टेस्ट में 44 व वनडे में 130 विकेट चटकाए। आशीष नेहरा की विशेषता है कि वे बढ़िया लाइन व लेंग्थ के साथ गेंदबाजी कराते हैं तथा लेट इन स्विंगर डालने में माहिर हैं। साथ ही वे ऑफ स्टंप के बाहर गेंद को मूव कराने में माहिर हैं। ढेर सारी विशेषताओं के बाद भी उनकी खूबियां नए गेंदबाज आत्मसात नहीं कर सके हैं।

इशांत शर्मा : वापस मिल सकती है लय : क्रिकेट के तीनों फॉर्मेटों में 128 विकेट ले चुके 21 वर्षीय व छह फुट चार इंच लंबे कदकाठी के नई दिल्ली के इस युवा गेंदबाज ने अपने हाई आर्म एक्शन व 140 किमी प्रति घंटे की रप्तार से गेंदबाजी कर सबका दिल जीता था। उन्होंने दो साल पहले ऑस्ट्रेलिया की धरती पर शानदार प्रदर्शन किया था। जब उन पर ज्यादा भरोसा किया जाने लगा और उनकी तुलना जवागल श्रीनाथ जैसे धुरंधर से की जाने लगी तब वे एकाएक रंगहीन हो गए। वैसे महान स्टीव वॉ ने कहा है कि इशांत गेंद को दोनों ओर से मूव कराने में और ज्यादा माहिर होने के बाद शानदार वापसी कर सकते हैं।

आरपी सिंह : कहाँ खो गए : उत्तरप्रदेश के 25 वर्षीय बाएं हाथ के इस तेज गेंदबाज से जितनी उम्मीद की गई थी वह अभी तक पूरी नहीं हो सकी है। टेस्ट क्रिकेट में 40, वनडे में 65 व टी20 में 15 विकेट ले चुके आरपी सबसे पहले अंडर 19 वर्ल्ड कप में चमके। उसके बाद सीनियर भारतीय टीम की ओर से उन्होंने पहले टी20 वर्ल्ड कप में और आईपीएल में बढ़िया प्रदर्शन किया लेकिन टेस्ट व वनडे में वे उम्मीदों पर खरे नहीं उतरे। शायद इसकी वजह उनकी चोट रही हो लेकिन चोट तो जहीर व नेहरा को कई बार लग चुकी है। कप्तान धोनी के गहरे दोस्त होने के बाद भी आरपी अभी तक वापसी नहीं कर सके हैं। पहले वे स्लॉग ओवरों में बढ़िया प्रदर्शन करते थे लेकिन बाद में उनकी जमकर धुनाई होने लगी। वैसे यदि उन्होंने अपनी गलती सुधार ली तो जल्दी ही वापसी कर सकते हैं।

मुनाफ पटेल : कभी धूप कभी छांव : 25 साल के भरुच एक्सप्रेस कई अवसरों पर मैच विजेता प्रदर्शन करते रहे हैं तथा टेस्ट व वन-डे में कुल 81 विकेट ले चुके हैं। बावजूद इसके उनके प्रदर्शन में निरंतरता का अभाव है। यह आश्चर्य की बात है जिस गेंदबाज को सचिन वडोदरा से मुंबई ले गए उसी गेंदबाज को गावसकर टेस्ट के लायक नहीं मानते हैं। हांलाकि गावसकर ने उनकी खराब फील्डिंग के कारण यह बात कही है। जहां तक गेंदबाजी का सवाल है तो वे एक समय में भारत के सबसे तेज गेंदबाज माने जाते थे। एमआरएफ पेस फाउंडेशन में डेनिस लिली व टीए शेखर ने उन्हें गेंदबाजी की तालिम दी। मुनाफ यदि अपनी कमजोरियों पर जीत हासिल कर लें तो वे प्रासंगिक हो सकते हैं क्योंकि अभी भी उनकी उम्र बहुत ज्यादा नहीं है।

एस. श्रीसंथ : गंभीरता की कमी : किसी समय केरल एक्सप्रेस एस. श्रीसंथ की आक्रामकता को देखकर काफी उम्मीदें बधीं थी लेकिन उनमें गंभीरता का अभाव है। पहले विवादों में उलझे तथा बाद में हैमस्ट्रिंग की चोट के कारण क्रिकेट से दूर रहे। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के तीनों फॉर्मेटों में कुल 135 विकेट ले चुके 27 वर्षीय श्रीसंथ साइड ऑन एक्शन व पेस में तेजी लाकर अब ज्यादा मारक लगते हैं लेकिन उन्हें आशातित सफलता नहीं मिल पा रही है।

प्रवीण कुमार में प्रवीणता की कमी : 22 वर्षीय प्रवीण वैसे तो काफी मेहनती हैं लेकिन उनकी गेंद में तेजी की कमी है। वे आउट स्विंग व इन स्विंग कराने में माहिर हैं लेकिन अभी तक टेस्ट खेलने का उन्हें मौका नहीं मिला। दो साल पहले ऑस्ट्रेलिया में सीबी सीरीज के फाइनल में मैच विजेता प्रदर्शन करने के बाद से वे कोई कमाल नहीं कर सके हैं।

मिथुन-त्यागी व डिंडा पर निगाहें : अंतरराष्ट्रीय तेज गेंदबाजी में नए ये तीनों गेंदबाज अभिमन्यु मिथुन (कर्नाटक), सुदीप त्यागी (उप्र) व अशोक डिंडा (बंगाल) अभी अनुभव प्राप्त करने के दौर से गुजर रहे हैं। अशोक डिंडा को बांग्लादेश दौरे में और मिथुन व त्यागी को द.अफ्रीका के खिलाफ अहमदाबाद वनडे मैेच में आजमाया गया था लेकिन ये तीनों प्रभावित नहीं कर सके। बीसीसीआई को चाहिए कि इन तीनों को विशेष प्रशिक्षण देने की व्यवस्था करें क्योंकि एमआर पेस फाउंडेशन भी अपनी चमक खोता जा रहा है।

महानता के लिए बेहतर खेल का मापदंड ही काफी

Publicado  रविवार, फ़रवरी 28, 2010

प्रशांत रायचौधरी
ग्वालियर में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मास्टर ब्लास्टर सचिन के वनडे क्रिकेट इतिहास के पहले दोहरे शतक के बाद से विभिन्न पीढ़ी के बेहतरीन खिलाड़ियों के बीच तुलना करने का सिलसिला प्रारभ हो चुका है। ।महान डॉन ब्रैडमैन, जैक्स हॉब्स, गैरी सोबर्स, लेन हटन,सचिन तेंडुलकर, विवियन रिचर्ड्स, नील हार्वे, ब्रायन लारा, इयान चैपल और रिकी पोंटिंग ये दस खिलाड़ी हैं जिन्हें सर्वकालीन सर्वश्रेष्ठ टॉप-10 की संज्ञा दी जाती है।

मान लेते हैं कि डॉन ब्रैडमैन जिंदा हैं और वे पैड पहनकर बल्लेबाजी का अभ्यास करने जा रहे हैं। और वे सचिन को कहते हैं कि वे उनके खेल को देखे, तो उनके द्वारा लगाए गए स्ट्रोक्स के आधार पर उन्हें फौरन पहचान लिया जाता। सचिन की इन शॉट्स पर तुरंत ही यह प्रतिक्रिया होती कि ऐसे शॉट्स डॉन ही लगा सकते हैं और अगर सचिन बल्लेबाजी कर रहे होते, तो डॉन की प्रतिक्रिया होती कि ऐसा सचिन ही खेल सकते हैं।

जिस प्रकार ब्रैडमैन को अपने तरह से खेलने की शैली सचिन में दिखती थी, उसी तरह से सचिन को स्टेन मैकबे और वेस्टइंडीज के गैरी सोबर्स के खेलने की शैली महान दिखती है।

स्पष्ट है कि श्रेष्ठ की पहचान तुरंत और प्राय: सहज रूप मे हो जाती है। इस संबंध में संदेह करने की रत्ती भर भी गुंजाइश नहीं होती है। अब तक इस खेल के इतिहास में बहुत से प्रतिभाशाली खिलाड़ी हुए हैं, जोकि महानता के स्तर को छुने से थोड़ा सा पीछे रह गए। इनमें से कुछ खिलाड़ी आज यह महसूस करते हैं कि महानता बहुत से गुणों का एक सम्मिश्रण है, जो कुछ लोगों में तो जन्मजात होता है और दूसरे लोग इसे अपनी मेहनत से अर्जित करते हैं। 'प्रतिभा 99 प्रतिशत परिश्रम से और केवल एक प्रतिशत प्रेरणा से आती है'

अक्सर ड्राइंगरूम की बहसों में मनोरंजन के लिए इस बात पर विचार किया जाता है कि बॉडीलाइन क्षेत्ररक्षण में ब्रॉयन लारा किस प्रकार से हेराल्ड लारवुड की शॉर्ट-पिच गेंदों का सामना करते। शायद त्रिनिदाद का यह प्रतिभाशाली बल्लेबाज इन शॉर्र्ट-पिच गेंदों को हवा में उछलकर खेलते। पर इस सगााई से कोई मुंह नहीं मोड़ सकते कि इस प्रकार के प्रतिभाशाली खिलाड़ी तुरंत ही इन गेंदों के अनुरूप अपने को ढाल लेते और आराम से इन गेंदों पर शॉट्स लगाते।

इसी तरह से यह प्रश्न उठता है कि अपने समय के महान बल्लेबाज डेनिस कॉम्पटन किस प्रकार से शेन वार्न को खेलते? ऑस्ट्रेलिया के बाएं हाथ के बल्लेबाज नील हार्वे भारत के बेहतरीन स्पिन गेंदबाज सुभाष गुप्ते को खेलने में माहिर थे और इस संबंध में तमाम साक्ष्य भी हैं, पर क्या वह इतनी ही कुशलता से शेन वार्न को खेल पाते? यह उदाहरण है उन गेंदबाजों का जो कि कुछ बेहतरीन बल्लेबाजों को कभी गेंद नहीं कर सके। साथ ही यह उदाहरण उन श्रेष्ठ बगेबाजों के लिए भी है जोकि उन बेहतरीन गेंदबाजों का कभी सामना नहीं कर सके। किंतु यह कमी खेल की सौम्यता, जटिलता और दिलचस्पी को ही बढ़ाती है। इसका संदेह एकदम साफ है कि किसी भी महान खिलाड़ी की महानता उसकी ताकत के आधार पर आंकी जाती है। उसके रिकार्ड ही उसकी महानता की गवाही देते हैं और एक बार इन पर विश्वास जम जाने पर यह मापदंड ही उसके मूल्यांकन के काम में लाए जाते हैं।

टेस्ट क्रिकेट का सर्वश्रेष्ठ बगेबाज और गेंदबाज कौन है?

अगर आंकड़ों की भाषा में बात करें तो ब्रैडमैन के 99.94 के बगेबाजी औसत या इंगलैंड के सिडनी फ्रांसिस बर्न्स के 27 टेस्ट मैचों में 16.43 के औसत से 189 विकेट को शामिल करते ही यह बहस समाप्त हो जाती है। यह रिकार्ड अभी तक तोड़े नहीं जा सके हैं और संभव है कि यह लंबे समय तक बने रहें। अब तक के सर्वश्रेष्ठ दस बगेबाजों की सूची में सचिन की रैंकिंग तय करना एक चुनौतीपूर्ण कार्य है, पर यह भी एक आनंददायक कवायद ही है।

बिना किसी प्रश्चिन्ह के ब्रैडमैन को इस टॉप टेन की सूची में नंबर एक पर रखकर दूसरे 9 खिलाड़ियों को चुनने की प्रक्रिया प्रारंभ करने में कवर्ड और अनकवर्ड पिचों(ढके ओर बिना ढके पिच) पर ध्यान देना जरूरी है। अनकवर्ड पिचों के दौर में कम क्रिकेट खेली जाती थी। जबकि आज कवर्ड पिचों के समय में पहले की तुलना में दस गुना या उससे भी अधिक क्रिकेट खेली जाती है। अनकवर्ड पिचों पर बल्लेबाजी के लिए अच्छी कुशलता और तकनीक की जरूरत होती है। जबकि एकदिनी क्रिकेट की प्रचुरता के कारण आज जिस क्रिकेट को हम देख रहे हैं उसके लिए चुस्ती-फुर्ती और फिटनेस की अधिक आवश्यकता है। अत: ऐसे में चुनाव तभी निष्पक्ष हो सकता है जब खिलाड़ियों का चयन दोनों युगों से किया जाए।

अनकवर्ड पिचों के समय के चुने हुए खिलाड़ी हैं :

ब्रेडमेन, जैक हॉब्स, लेन हटन, गैरी सोबर्स और नील हार्वे। इसी प्रकार से इस सूची में शामिल होने वाले वर्तमान समय के खिलाड़ी हैं- विवियन रिचर्ड्स, तेंदुलकर, लारा, पोंटिंग और ग्रेग चैपल। इस संबंध में किसी अंतिम सूची तक पहुंचना आसान नहीं है, कारण कि इस सूची से अभी भी बहुत से बेहतरीन बल्लेबाज बाहर हैं। इसे इंगित करना जरूरी है कि इस सूची में शामिल दस खिलाड़ियों में से केवल एक नील हार्वे का औसत ही पचास से कम है और इसका कारण भी अंतिम दस मैचों में उनकी खराब बगेबाजी रही है। हार्वे ने 1947-48 से 1962-63 के दौरान लगभग 79 टेस्ट मैच खेले। हार्वे के संबंध में ग्रेग चैपल का बयान आज भी मैं संजो के रखा हूं कि 'हार्वे मुझसे कहीं अधिक बेहतर खिलाड़ी था और ब्रेडमेन के बाद आस्ट्रेलिया में इससे बेहतर खिलाड़ी पैदा नहीं हुआ'।

विश्व खेल रत्न हैं मास्टर ब्लास्टर

Publicado  शुक्रवार, फ़रवरी 26, 2010

प्रशांत रायचौधरी
भले ही सचिन तेंडुलकर को अभी भी भारत रत्न अवार्ड नहीं मिला हो लेकिन खेलप्रेमियों की निगाह में वे विश्व खेल रत्न तो बन ही गए हैं। उन्हें वही सम्मान प्राप्त है जो रोजर फेडरर (टेनिस), यूसेन बोल्ट (धावक), माइकल शूमाकर (फॉमरूला-1 कार रेसर), क्रिश्टियानो रोनाल्डो (फुटबॉल) व माइकल फेल्प्स (तैराकी) को प्राप्त है। ग्वालियर के कैप्टन रूप सिंह स्टेडियम में 24 फरवरी को शाम के छह बजकर 14 मिनट में मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंडुलकर ने वनडे क्रिकेट का विश्व का पहला दोहरा शतक बनाने के बाद आसमान की ओर देख कर भगवान व अपने स्वर्गीय पिता को तो याद किया ही लेकिन शायद उनके जेहन में कहीं न कहीं सईद अनवर भी रहे होंगे।

अनवर ने सचिन के नेतृत्व में खेल रही भारतीय टीम के खिलाफ 13 साल पहले 194 रन बना कर विश्व कीर्तिमान रचा था। तब से उनके मन में एक बोझ था कि उनके नेतृत्व में विश्व कीर्तिमान बन गया और उनकी रणनीति फेल हो गई। अब उन्हें इस बात से भी बेहद खुशी मिली होगी कि अनवर ने सचिन द्वारा उनके रिकॉर्ड तोड़े जाने पर कहा कि मेरी भी इच्छा थी कि कभी यदि रिकॉर्ड टूटे तो सचिन ही तोड़े।

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ ग्वालियर वनडे मैच में उन्होंने कवर ड्राइव,करारे हुक्स, पुल शॉट, लेट कट्स व कलाई के सहारे आकर्षक फ्लिक्स का जो शानदार प्रदर्शन किया उसे भूलाना मुश्किल है। उन्होंने पहले 100 रन 90 गेंदों में और बाद के 100 रन सिर्फ 47 गेंदों में पूरे किए। सचिन की इस बेमिसाल पारी के बाद उन्हें डॉन ब्रेडमैन, ब्रायन लारा व रिकी पोंटिंग से श्रेष्ठ होने की उपमा दी जा रही है जबकि सचिन ने मासूमियत से कहा कि रिकॉर्ड बनते ही टूटने के लिए है। मैं चाहता हूं कि मेरा रिकॉर्ड कोई भारतीय ही तोड़े।

सचिन के इस कथन से साबित होता है कि उनमें कोई अहंकार नहीं है और वे जमीन से जुड़े हुए हैं। महान लिटिल मास्टर सुनील गावसकर ने तो यहां तक कह दिया कि अब सचिन को टेस्ट में 450 रन व वनडे में 250 रन बनाने के बारे में सोचना चाहिए। गावसकर ने एक बात बिल्कुल सही कही है कि सचिन अभी भी क्रिकेट के बच्चे से लगते हैं जिसमें रनों की जबर्दस्त भूख है। सचिन रन के लिए ऐसे मचलते हैं कि लगता है कि वे अंत तक नाबाद रहेगे। ग्वालियर वनडे में वे ओपन करने आए और अंत तक नाबाद रहे।

फील्डिंग भी की : सचिन ने दोहरा शतक बनाने के बाद जब फील्डिंग का मौका आया तो बिना थके अंत तक फील्डिंग करते रहे। उन्होंने इससे पहले जयपुर वनडे में भी आखिरी गेंद पर चौका बचाया था जिससे भारत एक रन से रोमांचक जीत दर्ज कर सका था। दूसरी ओर सईद अनवर ने जब 194 रन की पारी खेली थी तब उन्होंने शाहिद आफरीदी का रनर के रूप में उपयोग किया था। सचिन भले ही फिट हों लेकिन उन्होंने कहा है कि वे अब फिटनेस पर और ज्यादा ध्यान देंगे।इसका मतलब है कि उनके बल्ले से कीर्तिमानों की बारिश जारी रहेगी।

अब शतकों के शतक की चर्चा: सचिन के नए कीर्तिमान के बाद अब चर्चा होने लगी है कि क्या वे इसी साल शतकों का शतक पूरा करने में कामयाब होंगे। फिलहाल उन्होंने टेस्ट में 47 व वनडे में 46 शतक लगाए हैं। वे मंजिल से 7 शतक दूर हैं। सचिन ने इस साल अभी तक चार शतक व एक दोहरा शतक लगाए हैं जबकि अभी इस साल का दूसरा माह भी खत्म नहीं हुआ है।

अनवर से है बेहतर पारी : अनवर व सचिन ने 1989 से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में प्रवेश किया। सईद अनवर ने अपने कैरियर के आठवें साल में 194 रन का कीर्तिमान रचा था जबकि सचिन को इस कीर्तिमान के लिए बीस साल तक इंतजार करना पड़ा। अनवर ने 29 साल की उम्र में व सचिन ने लगभग 37 साल की उम्र में व्यक्तिगत वनडे रन का विश्व कीर्तिमान रचा। अनवर ने जब भारत के खिलाफ 194 रन की पारी खेली थी तब लगा था कि इससे बेहतर पारी हो ही नहीं सकती लेकिन सचिन ने ग्वालियर में जिस अंदाज में बल्लेबाजी की वह अनवर से बेहतर इस मायने में भी थी कि उन्होंने ढलती उम्र में करिश्मा किया। ऐसा लग रहा था कि गेंद पतंग की तरह उड़ रही हो।

अब आगे क्या : जहां तक सचिन का सवाल है तो अब उनका सपना शतकों के शतक के अलावा भारत को विश्व कप विजेता बनाने की है। जाहिर सी बात है कि सचिन इसके लिए अपने प्रदर्शन में और निखार लाएंगे और इसका लाभ टीम इंडिया को मिलेगा। सचिन से प्रेरित होकर टीम के अन्य साथी भी नए-नए कीर्तिमान रचने की कोशिश करेंगे और शायद तभी सचिन का कहा सही साबित होगा कि किसी भारतीय ने ही उनका रिकॉर्ड तोड़ा है।

इडियट कहने का करारा जवाब दिया भज्जी ने

Publicado  शुक्रवार, फ़रवरी 19, 2010

प्रशांत रायचौधरी

कोलकाता टेस्ट के हीरो हरभजन सिंह ने मीडिया को जिस लहजे में जवाब दिया उसे गलत कतई नहीं कहा जा सकता है। वे मैच विजेता गेंदबाज हैं इसके बाद भी उन्हें इडियट कहना गलत ही है। इलेक्ट्रा'निक मीडिया अपना टीआरपी बढ़ाने के लिए इस तरह की हरकत करते हैं। वे यह नहीं सोचते के जिस खिलाड़ी ने देश के लिए ३५० से ज्यादा टेस्ट विकेट लिए हों वह इडियट कैसे हो सकता है।

गनिमत है कि ये खिलाड़ी मीडिया का बहिष्कार नहीं कर रहे हैं। हरभजन को इस बात का भी अफसोस है कि भारत के लिए कई टेस्ट सीरीज जीतने वाले कप्तान एमएस धोनी को भी इडियट कहा गया। हरभजन ने द.अफ्रीका के खिलाफ कोलकाता टेस्ट में ८ विकेट लेकर आलोचकों को करारा जवाब दे दिया है। भज्जी के लिए कहा जा रहा था वे गेंद को हवा मैउचल नहीं देते हैं, सिर्फ रन रोकने के कोशिश में रहते हैं लेकिन कोलकात्ता में यह धरना गलत साबित हुई।

भज्जी के अलावा कप्तान धोनी ने अपनी दमदार बल्लेबाजी व कुशल कप्तानी से सबका दिल जीत लिया है। देखा जाए तो भारत की यह जीत उसकी कुशल रणनीति व जीत की ललक के कारण संभव हो सकी है। नागपुर टेस्ट में करारी हार से कहा जा रहा था कि टीम में जीत की चाहत की कमी है जबकि भारतीय सितारे बांग्लादेश फतह कर लौटे ही थे।

गेंदबाजी फिर भी कमजोर : वैसे देखा जाए तो टीम इंडिया की गेंदबाजी कमजोर ही है। हमने भले ही कोलकाता में द।अफ्रीका के विकेट चटकाए हों लेकिन तेज गेंदबाजी में कमजोरी बरकरार है। तेज गेंदबाजों की नई फौज तैयार यदि नहीं कर सके तो भविष्य में दिक्कतें आएंगी। जहीर तीस साल से ज्यादा के हैं व उनकी जगह लेने वाला कोई गेंदबाज नजर नहीं आ रहा है। जहीर के साथ चोट लगने की समस्या बनी रहती है। अपने कैरियर में ५-६ बार वे चोट के शिकार हो चुके हैं। विदेशी धरती पर जब खेलना होगा तो टीम में कोई भी तेज गेंदबाज नहीं है जिससे विरोधी टीम खौफ खाए।

मन भटका हुआ है इशांत शर्मा का

Publicado  बुधवार, फ़रवरी 17, 2010

प्रशांत रायचौधरी
२२ टेस्ट मैचों में ६३ विकेट व ४१ टेस्ट मैचों में ५६ विकेट लेने के बाद भी दिल्ली के २१ साल के तेज गेंदबाज पर से यदि चयनकर्ताओं का भरोसा टूटता जा रहा है तो इसके लिए इशांत ज्यादा दोषी है। ऐसा लगता है की उनका खेल पर से ध्यान हट गया है। इशांत के बारे में जवागल श्रीनाथ और वेंकटेश प्रसाद जैसे दिग्गाज्जों का कहना है कि उनमे गजब कि प्रतिभा है और वे लम्बी रस के घोड़े हैंके प्रति सकारात्मक सोच के बाद भी यह चकित करने के लिए काफी है कि उनके प्रदर्शन में कमी दिखने लगी है ।

क्या कमी है इशांत में : वैसे देखा जाए तो इशांत में वह सभी खूबी है जो एक तेज गेंदबाज में होनी चाहिए। वे गेंद को दोनों छोर से सि्वंग कराने में माहिर हैं। इयान चैपल ने उन्हें मैक्ग्राथ व सौरव गांगुली ने कपिलदेव जैसी प्रतिभा के रूप में तारीफ की है। इशांत का तो इससे मनोबल बढ़ना चाहिए था उसके बजाय उनके खेल में गिरावट आती जा रही है। हालत यह है कि उन्हें द.अफ्रीका के खिलाफ वनडे टीम से बाहर होना पड़ा है। मेरे ख्याल से उनमें निम्न खामियां है- १. उन्होंने रनअप कम कर दिया है २. गेंद की गति भी पहले से धीमी कर दी है। ३. पहले के समान बाउंसर का उपयोग नहीं कर रहे हैं।

पहले सीरीज में छाए थे : वे आस्ट्रेलिया दौरे में छा गए थे। अपने पहले ही सीरीज में छह फुट ४ ईंच लंबे इशांत ने अपने हाई एक्शन गेंदबाजी से कंगारू धरती पर दिल जीत लिया था। इशांत ने अपने पहले २० वनडे मैच में ३१।४८ के एवरेज से २७ विकेट लिए।

धन ने बिगाड़ा मन : लगता है कि खेल से कम समय में ही मिले अपार धन से मन बिगड़ चुका है। वे मेहनत से जी चुराने लगे हैं। वे यदि वापसी के लिए मेहनत नहीं करेंगे तो अभिमन्यु मिथुन, सुदीप त्यागी व कई अन्य उनकी जगह लेने के लिए तैयार बैठे हैं। वैसे भी एस।श्रीसंथ, अशोक डिंडा, आरपी आदि उन्हें वनडे से बाहर रखने के लिए काफी हैं।

५ विकेट १ बार लिए : इशांत अपने कैरियर में ५ विकेट सिफर् १ बार ले सके हैं। उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ बेंगलुरु टेस्ट में यह करिश्मा किया था।

२१ बार नहीं मिले विकेट : इशांत को टेस्ट में ११ बार व वनडे में १० बार एक भी विकेट नहीं मिला। इससे साबित होता है कि उन्हें अभी कितनी मेहनत करने की आवश्यकता है।